मुख्य सामग्री पर जाएँ

कुमाऊँनी लोक कला में प्रयुक्त सुषिर या फूँक वाद्य यंत्र

25 फ़रवरी 2021

किसी मानव समूह के ऐतिहासिक विकास क्रम में जीवन यापन की जो विशिष्ट शैली उत्पन्न होती है ,वही उस समूह की संस्कृति कहलाती है और इसी की छत्रछाया में कलाओं का जन्म होता है। इन्हीं कलाओं की विशिष्टताओं के कारण एक मानव समूह दूसरे मानव समूह से पृथक दिखता है, क्योंकि प्रत्येक के अपने विशिष्ट सांस्कृतिक तत्व (कला, विश्वास, धर्म आचार, पर्व उत्सव आदि) होते हैं। यहाँ हम लोक कला के अन्तर्गत वाद्ययंत्रों में सुषिर वाद्ययंत्रों की चर्चा करेंगे। उत्तराखंड की प्राकृतिक सुन्दरता और लोक संस्कृति विश्व में प्रसिद्ध है। यहाँ की लोक संस्कृति की अपनी अलग पहचान है। उत्तराखण्ड अपने विशिष्ट लोक-गीतों, लोक-नृत्यों और लोक वाद्ययंत्रों की धुन से परिपूर्ण और गुंजायमान है। जटिल भौगोलिक स्थिति, कठोर परिश्रम कर जीवन यापन करने वाले यहाँ के लोग विभिन्न मेलों, त्योहारों, उत्सवों, धार्मिक रीति-रिवाज़ आदि के अवसर पर विभिन्न प्रकार के गीत, नृत्य एवम संगीत का आनन्द लेते हैं।

भारत विश्व में सबसे ज्यादा प्राचीन और विकसित संगीत यंत्रों का उत्तराधिकारी है। हड़प्पा सभ्यता की खुदाई में भी वाद्य-यंत्रों और संगीत की गतिविधयों के प्रमाण मिलते हैं। वाद्ययंत्र जिस जन-समूह से सम्बंधित होते हैं, उसकी संस्क ति के कई पहलुओं का वर्णन भी करते हैं। 200 ईसा पूर्व से 200 ई. सन के समय भरत मुनि द्वारा संकलित नाट्य शास्त्र में संगीत वाद्यों को ध्वनि के आधार पर चार वर्गों में विभाजित किया।

उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संगीत परंपरा में भी चार प्रकार के वाद्य यंत्र बजाये जाते रहे हैं

1- धातु या घन वाद्य, जैसे- घंटा, थाली (काँसे की), मँजीरा, घुघरू, झाँझ, करताल, चिमटा, खजड़ी, थाली।

2- चर्म वाद्य- ढोल, नगाड़ा, तबला, डफली, हुड़की, साइया, डौर, दमामा या दमाऊँ, धतिमा आदि।

तार या ताँत वाद्य यंत्र- सारंगी, एकतारा, दो तारा, वीणा आदि।

सुषिर वाद्य या फूंक वाद्य- तुरही, रणसिंहा (अंकोरा), विणाई, नागफणी, शंख, मोछंग, अल्गोजा (बांसुरी), मशकबीन, उर्ध्वमुखी।

अन्य वाद्य- हारमोनियम, गिटार, आरगन आदि। वर्तमान में ढोलकी-ढोल, दमाऊ, हुड़की, डौंर, थाली, मोछंग, बाँसुरी, तुर्रा, भकोरा रणसिंगा, एकतारा, नगाड़ा, सारंगी, मसकबाजा, शंख, अलगोजा, चिमटा डफली, विणाई आदि का ही अधिक प्रचलन है।

कुमायूँ के सुषिर वाद्ययंत्र

कुमायूँ अपने प्राकृतिक सौन्दर्य की तरह ही सांस्कृतिक कोष के लिए प्रसिद्ध है। लोक-गीतों की तरह ही लोक-वाद्ययंत्र भी यहाँ की शान रहे हैं। पहाड़ में निवास करने वाले कुमायूनी लोग हिमालय पर्वत की तरह ही दृढ़ संकल्पी होते है पर जैसे गंगा का प्रादुर्भाव हिमालय से होता है उसी तरह भावनामय, करुणामय और वात्सल्यमय संगीत का उद्गम स्थल भी कुमायूँ में ही है। यहाँ के सुषिर या फूंक से बजने वाले यंत्र बहुत प्रसिद्ध हैं। सुषिर वाद्य-यंत्रों में एक खोखली नलिका में हवा भरकर ध्वनि या तरंग उत्पन्न करते हैं। नलिका में बने छिद्रों को अंगुलियों की सहायता से खोलकर और बन्द करके राग और धुन को प्रस्तुत करते हैं। वेदों में “वेनू” नामक सुषिर वाद्य का उल्लेख मिलता है, जिसे राजाओं का गुणगान और मंत्रोच्चारण में संगत करने के लिए प्रयुक्त किया जाता था।

कुमाउनी लोक वाद्यों में प्रचलित सुषिर वाद्य या फूंक वाद्य-यन्त्र इस प्रकार हैं

अलगोजा (बाँसुरी)

बासुंरी का निर्माण कब और कैसे हुआ, इस पर विदानों में मतभेद है। शोधकर्ता बांसुरी की उम्र का अनुमान 43,400 और 67,000 साल पुरानी मैमथ की हड्डी और हंस की हड़ी से बनी बांसरी को मानते हैं। वेदों में ʺनान्दीʺ नामक बांसुरी का उल्लेख मिलता है। बांसुरी के विविध नाम हैं जैसे दवेण वामसी, बाँसरी, मुरली और दक्षिण भारत में पिल्लनकरोबी और कोलालू। उत्तराखंड में इसे अलगोजा कहते हैं। यह दो बांसुरी को मिलाकर बनाया और बजाया और बजाया जाता है। यह बाँस या मोटे रिगाल की बनी होती है। यह मुंह से बजाया जाने वाला यंत्र है। एक नाल वाली बांसुरी को ʺएकनालीʺ और दो नाल वाली को ʺदुनालीʺ कहा जाता है। दुनाली का स्वर विनियोग और भी सुमधुर होता है। इसे स्वतंत्र रूप से सह–वाद्य दोनों रूप से बजाया जाता है। इसके स्वरों के साथ नृत्य भी होता है। खुदेड़ अथवा झुमैल गीतों के साथ अलगोजा (बांसुरी) बजाई जाती है।

रणसिंगा

यह भी एक तूर्य विशेष है। कहीं इसे 'भ्वांकर' भी कहा जाता है। यह धातु अथवा श्रृंग से निर्मित होता है। यह तांबें का बना एक नाल के रूप में होता है, जो मुख की तरफ संकरा होता है। जैसा कि नाम से स्पष्ट है अपने प्रारम्भिक समय में यह रणवाद्ययों में प्रमुख वाद्य रहा होगा, जो युद्ध की सूचना अथवा सेना के प्रयाण के समय बजता होगा। इसका प्रयोग दमाओं के साथ होता है। आकार में यह फन उठाये हुए सर्प अथवा मुड़े हुए सींग की भांति होता है।

तुरही तुरी या तूर्य

यह रणसिंगा से मिलता-जुलता ताँबे का बना हुआ एक वाद्य यंत्र विशेष है। यह दो प्रकार की होती है-एक तो लम्बी नाल वाली, जो मुख की ओर सँकरी होती है, इसे मुँह से फंक मारकर बजाया जाता है। दूसरी-कुण्डली मारे हुए सर्प के आकार की होती है। इसमें पूंछ की ओर से फूंक मारी जाती है। तुरी तुरही या तूर्य किसी विषय अथवा घटना की सूचना। देने या सावधानी के लिए बजती है। वर्तमान में देवताओं के नृत्य करवाने में दमामा के साथ इनका प्रयोग होता है। राजाओं के आगमन और प्रस्थान के समय इनको बजाया जाता था। आज भी देवताओं के आगमन या किसी पर्व या उत्सव में गाँवों में इसका प्रयोग होता है।

विणाई

इसे विनै भी कहा जाता है। विणाई लोहे से बना एक छोटा सा धातु वाद्ययंत्र है ,जिसके दोनों सिरों को दांतों के बीच दबाया जाता है और उसके तार पर अंगुली से आघात किया जाता है। इन स्वरों में कारुणिकता विद्यमान रहती है। यह वाद्ययंत्र अब विलुप्त होने के कगार पर है।

मोछंग

यह लोहे की पतली शिराओं से बना हुआ छोटा सा वाद्ययंत्र है, जिसे होंठों पर स्थिर कर एक अँगुली से बजाया जाता है। होंठो की हवा के प्रभाव तथा अँगली के सञ्चालन से इसमें मधुर स्वर निकलते हैं। इस वाद्य को घने वनों में प्रायः पशुचारकों द्वारा बजाया जाता है।

मशकबीन

यह मूलतः स्काटलैंड का वाद्य है, जो अंग्रेजो की सेना के माध्यम से कुमायूं में पहुंचा। दमामों के साथ मशकबीन का प्रयोग होता है। यह यूरोपियन वाद्य यन्त्र पहले केवल सेना के बैण्ड में बजाया जाता था। यह कपड़े का थैलीनुमा होता है, जिसमें पांच बांसुरी जैसे यन्त्र लगे होते हैं। एक नाली हवा फूंकने के लिए होती है। इसमें एक बीन और तीन नलकियां जुड़ी होती हैं। मसक में हवा भर जाने पर तीनों नलकियां स्वरानुप्राणित होने लगती है और हाथों से बीन के छेदों पर अंगुलियों से गीतानुरूप ध्वनि उत्पन्न की जाती है। स्वतंत्र रूप से मसकबीन का प्रयोग प्रायः नहीं होता। यह वाद्य मुंह से फूंक मारकर बजाया जाता है। कलाकार लोकोत्सव, शादी-विवाह के अवसर पर मशक-वादन करते हैं। अतिथि के स्वागत, लोक-पर्व में उत्साह बढ़ाने तथा महिला-पुरुष द्वारा गाये जाने वाले पारम्परिक गीतों में प्रायः मशकबीन का प्रयोग होता है। कुमायूँ के प्रसिद्ध लोक-नृत्य ‘छोलिया-नृत्य” में इसका प्रयोग किया जाता है।

शंख

पूजा में शंख बजाने का चलन युगों-युगों से है। सनातन धर्म में कई ऐसी बातें हैं जो न केवल आध्यात्मिक वरन स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभदायक है। ऐसी मान्यता है कि जिस घर में शंख को सम्मान दिया जाता है वहां लक्ष्मी का वास होता है। शंख बजाने और इसमें रखा जल पीने से श्वास, उदर, दांत और हड्डियों से सम्बंधित रोगों का नाश होता है। यह वाद्ययंत्र उत्तराखण्ड का ही नहीं वरन समस्त भारत का सुषिर या फूंक वाद्ययंत्र है।

सुषिर वाद्ययंत्र मुँह और हाथ की सहायता से बजते हैं। एकाकी रूप से इनमें प्रायःकोई वाद्य यन्त्र नहीं बजता है। प्रत्येक वाद्ययंत्र के साथ उसके सहायक वाद्ययंत्र भी बजते हैं। कहीं वाद्य ध्वनियों का प्रयोग गीत के शेष बोलो की पूर्ति के रूप में भी होता है। कुमायूँ के समूह गीतों और नृत्य-गीतों में ही वाद्यों का प्रयोग अधिकांशतः होता है। एकाकी रूप में गाये जाने वाले या निभृत प्रान्त में गाये जाने वाले गीतों में यह सम्भव नहीं है कि गीत के साथ समुचित वाद्य का भी प्रयोग किया जा सके। वाद्ययंत्रों का निर्माण एक विशेष व्यवसाय है, जिसके लिए उचित प्रशिक्षण, अभ्यास और जानकारी होन ज़रूरी है। वाद्ययंत्रों के निर्माता किसी एक शैली के वाद्ययंत्र के ही जानकार होते हैं। इनको बनाने के लिए एकाग्रता ज़रूरी है।

कुमायूँ के विविध वाद्यों की ध्वनियों को सांगीतिक आधार पर लिपिबध्द और स्वरांकित करके भारतीय सगीत की मुख्य धारा से जोड़ा जाय । भारत की अखंडता और भावात्मक एकता के लिए विविध लोक गीतों और वाद्य-यन्त्रों का तुलनात्मक और समन्वयात्मक अध्ययन आवश्यक है इससे संगीत वाद्यों को एक नई धारा मिलेगी। इन वाद्ययंत्रों का पौराणिक और मनोरंजनात्मक महत्व है। अगर किसी क्षेत्र की संस्कृति को जानना है तो उस क्षेत्र विशेष की लोक कलाएं आइना होती है जिसमें सारी सांस्कृतिक विशेषताएं परिलक्षित होती हैं। अतः हमें अपनी लोक-कलाओं को नई पीढी के समक्ष इस प्रकार से प्रस्तुत करना होगा कि वह इसे आत्मसात करे और इसको आगे बढ़ाएं। लोक-कलाओं को सहेजना और युग अनुरूप उनको हस्तान्तरित करना ही हमारा संकल्प होना चाहिए।